School Closed: हिमाचल के स्कूलों में कल भी रहेगी छुट्टी, बारिश के अलर्ट के बीच एक दिन के लिए बढ़ा मानसून ब्रेक
हिमाचल प्रदेश के स्कूलों में कल भी छुट्टी रहेगी। शिक्षा विभाग ने बारिश के अलर्ट के बीच मानसून ब्रेक को एक दिन के लिए बढ़ा दिया है। इसके लिए नोटिफिकेशन भी जारी कर दी गई है। शीतकालीन अवकाश वाले स्कूलों के अलावा चंबा जिला के पांगी व भरमौर में भी 17 जुलाई को अवकाश रहेगा। लगातार हो रही बारिश से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ है।
प्रदेश में सोमवार को भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर स्कूलों में मानसून ब्रेक को एक दिन के लिए बढ़ा दिया गया है। स्कूलों में सोमवार यानि 17 जुलाई को भी छुट्टी घोषित की गई है। निदेशक उच्चतर शिक्षा विभाग डॉ. अमरजीत शर्मा की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है।
शीतकालीन अवकाश वाले स्कूलों के अलावा, चंबा जिला के पांगी व भरमौर में भी 17 जुलाई को अवकाश रहेगा। राज्य में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ है। प्रदेश में कई क्षेत्र ऐसे हैं जहां पर अभी भी यातायात व्यवस्था ठप पड़ी हुई है जबकि पैदल जाने वाले रास्ते भी बंद पड़े हैं।
मौसम के मिजाज व सड़कों की खस्ता हालत व बारिश के अलर्ट को देखते हुए एक दिन का अवकाश बढ़ाया गया है। ग्रीष्मकालीन अवकाश वाले स्कूलों में पहले से 30 जुलाई तक अवकाश है। यह छुट्टियां शीतकालीन अवकाश वाले स्कूलों में होगी। इससे पहले विभाग ने मानसून ब्रेक में बदलाव किया था।
10 व 11 जुलाई को दो दिन की जो छुट्टी की थी उसे भी मानसून ब्रेक में शामिल कर दिया गया था। कुल्लू जिला के स्कूलों में 10 जुलाई से एक अगस्त (23 दिन) तक मानसून ब्रेक रहेगी। आमतौर पर कुल्लू में 23 जुलाई से 14 अगस्त के बीच मानसून ब्रेक होती है। वहीं लाहौल स्पीति जिले में 10 जुलाई से 20 अगस्त तक (42 दिन) का मानसून ब्रेक दिया गया है। पहले यहां 17 जुलाई से 27 जुलाई के बीच मानसून ब्रेक होनी थी।
किन्नौर, पांगी भरमौर में ऐसे होगी छुट्टियां
जनजातीय क्षेत्र किन्नौर, पांगी व भरमौर के स्कूलों में 10 से 15 जुलाई तक मानसून ब्रेक दी थी जिसे अब 17 तक बढ़ा दिया है। सोलन, शिमला, सिरमौर सहित अन्य शीतकालीन अवकाश वाले स्कूलों में 10 से 15 जुलाई के बजाए 17 जुलाई तक मानसून ब्रेक रहेगा।
सीबीएसई, आईसीएसई अपने स्तर पर लेंगे निर्णय
निदेशक उच्चतर शिक्षा विभाग डॉ. अमरजीत शर्मा की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) व इंडियन सर्टिफिकेट ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (आईसीएसई) स्कूल प्रबंधन मौसम की परिस्थिति व परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए अपने स्तर पर स्कूलों में छुट्टियां देने का निर्णय लें। निदेशक उच्चतर शिक्षा डॉ. अमरजीत शर्मा ने कहा कि शिक्षण संस्थानों में बच्चों व कर्मचारियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान संस्थान अपने स्तर पर रखें।
